सहारनपुर। होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना मरीजों को घर पर रहते हुए चिकित्सकों से परामर्श मिल सके। इसके लिए नगर निगम ने टेली मेडिसिन सेवा शुरू की हुई है, जिसमें योग्य चिकित्सक फोन कॉल के जरिए मरीजों की शंकाओं और आशंकाओं को दूर कर इलाज के लिए परामर्श देने के लिए तैनात किए गए हैं। होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड मरीजों के अलावा अन्य नागरिक भी इस सेवा का लाभ ले सकते हैं।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना तेजी से फैल रहा है। लगभग सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। ऐेसे में टेली मेडिसिन सेवा की जरूरत और बढ़ गई है, जिससे की मरीज घर पर ही रहते हुए फोन कॉल के जरिए डॉक्टर से परामर्श ले सके। इसके लिए नगर निगम आईसीसीसी के बिल्डिंग में बने कोविड कंट्रोल रूम के साथ ही टेली मेडिसिन सेंटर भी चल रहा है। इसमें दो शिफ्ट में पांच-पांच डाक्टरों की टीम तैनात की गई है। कोरोना मरीज कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0132-2647170 से लेकर 132-2647179 तक के दस नंबरों में से किसी भी नंबर पर कॉल कर परामर्श ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त होम आइसोलेशन में रह रहे जिन कोरोना पीड़ितों को दवाई की किट नहीं पहुंची है या किसी और वस्तु की आवश्यकता है तो उसके लिए भी दो नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर अपनी जरूरत को पूरा किया जा सकता है। यह नंबर 0132-2647100 व 0132-2647199 हैं। नगरायुक्त ने मरीजों से सेवा का लाभ उठाने की अपील की है।