कृषि विधेयक के विरोध में जिले भर में कांग्रेसियों का जोरदार प्रदर्शन
सहारनपुर। कृषि विधेयक के विरोध में कांग्रेसियों ने महानगर सहित जिले की सभी तहसीलों में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर के साथ ही देवबंद, रामपुर मनिहारान, बेहट, नकुड़ में भाजपा विरोधी नारेबाजी होती रही। राष्ट्रपति को चार सूत्री ज्ञापन भेजकर विधेयक पर हस्ताक्षर न करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा।
सहारनपुर में हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व अनुशासन समिति के सदस्य इमरान मसूद, विधायक मसूद अख्तर, नरेश सैनी व उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव समिति के सदस्य शशी वालिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील सदर की ओर निकले। कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचने पर रोक लिया गया। यहां पुलिस बल की मौजूदगी में नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।
इमरान मसूद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसान विरोधी है। कृषि विधेयक के माध्यम से देश के किसानों को औद्योगिक घरानों का गुलाम बनाने का काम किया गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के साथ-साथ मंडी व्यवस्थाओं को समाप्त करके किसानों को बदहाली के रास्ते पर लाकर खड़ा कर दिया है। कांग्रेस इसका सड़क से लेकर संसद तक विरोध करेगी। विधायक मसूद अख्तर व नरेश सैनी ने कहा कि इस काले कानून को तुरंत वापस लिया जाए। शशी वालिया व एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि राज्यसभा में जिस तरह सरकार ने गैर भाजपाई दलों के बहुमत की अनदेखी करते हुए इस विधेयक को पास कराया, वह लोकतंत्र की हत्या है।
इस दौरान प्रदेश महासचिव सुशील चौधरी, एआईसीसी सदस्य अशोक सैनी, महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, नरेंद्र शर्मा, चौधरी नीरपाल, गणेश दत्त शर्मा, हरिओम मिश्रा, हाजी इदरीश, आदेश चौधरी, विक्रम राणा, गुलफाम अंसारी, चौधरी इरशाद, मास्टर जफर, अखलाक, महफूज, संजय वालिया, अनिल चौहान, नसीब खान, दिलशाद, काशिफ सिद्दीकी, राजा फरीद, राकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
सहारनपुर: प्रदर्शन के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन पढ़कर सुनाते कांग्रेसी।- फोटो : SAHARANPUR