सहारनपुर। श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट की ओर से खरीदी गई जमीन में आर्थिक अनियमितता का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने डिप्टी कलक्टर पूरण सिंह राणा को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश से मामले की जांच कराने की मांग की।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए दिए गए चंदे से भूमि की खरीद की गई है। जिसको लेकर आर्थिक अनियमितताओं के संबंध में समाचार प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों ने औचित्य का प्रश्न उठाए बिना किसके दबाव में दो करोड़ रुपये में खरीदी गई भूमि को करीब आठ गुना अधिक मूल्य पर बैनामा कैसे होने दिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या इस भूमि के मालिकाना हक को लेकर कथित रूप से वक्फ बोर्ड में यदि आपत्ति दर्ज कराई गई थी, तो विवादित भूमि होने केे बाद भी ट्रस्ट ने इस भूमि खरीद को कैसे मंजूरी दी है। जिन्होंने इस भूमि को 18.5 करोड़ रुपये में ट्रस्ट को बेचा है, उन्होंने भूमि की बिक्री से प्राप्त धनराशि को किन खातों में स्थानांतरित किया है।
उन्होंने इस मामले की जांच सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश से कराने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली गुर्जर, प्रवीण चौधरी, पार्षद चन्द्रजीत सिंह निक्कू, अशोक सैनी, अक्षय चौधरी, वरुण शर्मा, गणेशदत्त शर्मा, नितिन शर्मा, विशाल अग्रवाल, सुशील कुमार, इमरान कुरैशी आदि मौजूद रहे।