बिहार चुनाव में सफलता से उत्साहित कांग्रेस की निगाह पर मिशन यूपी पर टिकी है। अब सहारनपुर से मिशन यूपी -2017 की शुरुआत हो रही है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पदयात्रा कर किसानों से सीधा संवाद कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। पार्टी विधानसभा चुनाव में वोट को अपने पाले में खींचने को ऐड़ी-चोटी का जोर लगाने की तैयारी में हैं।
सपा से टिकट कटने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पूर्व विधायक इमरान मसूद ने लोकसभा चुनाव में चार लाख वोट हासिल कर पार्टी में अपने कद का अहसास कराया था। यही कारण है कि कांग्रेस सहारनपुर से अपने मिशन की शुरुआत कर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेगी।
जिले में धान की खरीद और पापुलर के कम हो रहे रेट किसानों के बीच बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस इन मुद्दों पर ही किसानों को अपने पाले में लाना चाहेगी। विधानसभा चुनाव 2012 से ठीक पहले काजी रशीद मसूद सपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे और सहारनपुर की सातों सीट पर जबरदस्त टक्कर दी थी।
एक सीट पर कांग्रेस को जीत भी मिल गई थी। इसके बाद रशीद मसूद जेल गए और इससे पहले ही उनके भतीजे पूर्व विधायक इमरान मसूद ने उनका साथ छोड़कर पहले सपा और फिर कांग्रेस में पहुंच गए। रशीद मसूद की ताकत देखकर कांग्रेस ने ना केवल उन्हें राज्यसभा भेजा बल्कि एपिडा का चेयरमैन भी बनाया। सजायाफ्ता होने के बाद कांग्रेस ने रशीद मसूद से किनारा कर लिया था।
इसके बाद उनके भतीजे इमरान मसूद कांग्रेस के साथ हो लिए। ऐसे में अब पूर्व विधायक पार्टी को यह साबित करने में जुटे हैं कि वर्ष 2012 में कांग्रेस के प्रदर्शन के पीछे उनकी बड़ी भूमिका रही थी। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में बतौर कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद ने चार लाख मत लेकर भी पार्टी में अपना कद साबित कर दिया था।
विधानसभा चुनाव के आहट से पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष की सभा और पदयात्रा के जरिए एक बार फिर कांग्रेस सहारनपुर से चुनावी बिगुल फुंकने की तैयारी में है।
किसान-मजदूरों से रूबरू होंगे राहुल
सहारनपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी 23 नवंबर को सहारनपुर आ रहे हैं। वह पिलखनी से पटनी तक सात किलोमीटर की किसान-मजदूर संवाद पद यात्रा करेंगे। इस दौरान वह हरड़ाखेड़ी, सीकरी कला और पटनी में सभाएं भी करेंगे।
जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी ने पत्रकार वार्ता करते हुए यात्रा की जानकारी दी। पत्रकार वार्ता करते हुए जिलाध्यक्ष शशी वालिया ने बताया कि किसानों और आम आदमी की दुर्दशा के खिलाफ कांग्रेस आंदोलन की राह पर है। जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के आग्रह पर राहुल गांधी ने सहारनपुर में पदयात्रा करने का निर्णय लिया है।
पदयात्रा सैकड़ों करोड़ रुपये कीमत की बिड़वी शुगर मिल को मात्र 32 करोड़ रुपये में बेचने के खिलाफ एक आंदोलन है। साथ ही राहुल गांधी सहारनपुर के किसानों और आमजन से सीधे संवाद करना चाहते हैं। वह 23 नवंबर की सुबह शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे सर्किट हाउस जाएंगे।
सर्किट हाउस से वह सीधे यात्रा के लिए पिलखनी के लिए रवाना होंगे। यात्रा पिलखनी से सुबह ठीक साढ़े दस बजे होगी। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष शशी वालिया, महानगर अध्यक्ष इमरान कुरैशी, एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सतपाल वर्मा, राजकुमार सैनी, संजय वालिया, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा आदि थे।
यह रहेगा यात्रा का रूट
सहारनपुर। राहुल गांधी की पदयात्रा अंबाला रोड स्थित पिलखनी से शुरू होगी। यात्रा भोजपुर से होते हुए हरड़ाखेड़ी पहुंचेगी। हरड़ाखेड़ी में राहुल गांधी किसानों और आम लोगों की सभा में उनसे संवाद करेंगे।
इसके बाद यात्रा बकारका होते हुए सीकरी कला पहुंचेेगी। यहां भी राहुल संवाद करेंगे। यहां के बाद उनकी यात्रा सीकरी खुर्द को होते हुए पटनी पहुंचेेगी। यहां तीसरी और बड़ी पंचायत होगी।
सर्किट हाउस में लेंगे बैठक
जिलाध्यक्ष शशी वालिया ने बताया कि पदयात्रा के बाद राहुल गांधी सर्किट हाउस जाएंगे। वहां वह जनपद के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे। राहुल गांधी की पदयात्रा में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निर्मल खत्री, पीएल पुनिया, मधूसुदन और कई विधायक और जिलाध्यक्ष शामिल होंगे।