सहारनपुर में चंद्रशेखर के जरिए अपनी राजनीति का नया समीकरण बनाने का प्रयास कर रहे कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद शुक्रवार लगभग साढ़े दस बजे जिला कारागार में चंद्रशेखर से मिलने के लिए पहुंच गए।
उनके साथ विधायक मसूद अख्तर भी चंद्रशेखर से मिलने के लिए पहुंचे। लगभग एक घंटे की लंबी मुलाकात उन्होंने की। उधर, चंद्रशेखर को रात लगभग 10 बजे जिला कारागार में शिफ्ट किया गया।
बताया जाता है कि कारागार में पहुंचने के बाद उसने सबसे पहले खाना मांगा। उसने बताया कि दोपहर दो बजे के बाद से उसने कुछ नहीं खाया। जिस पर उसे रोजेदारों के इफ्तार से बचा हुआ कुछ खाना दिया गया। रात में फिर उसने कुछ नहीं खाया।
उधर, भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण पर पुलिस और प्रशासन अब रासुका लगाने की तैयारी कर रहा है। रासुका के लिए तथ्य एवं दावे तैयार किए जा रहे हैं। दंगों में रही भीम आर्मी की भूमिका की समीक्षा कर आरोप तय किए जा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को एसटीएफ द्वारा भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर को गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस अब उस पर रासुका लगाने की तैयारी कर रही है। उसके बाद चंद्रशेखर को दूसरी जेल में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सहारनपुर में हुए दंगों में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए तथ्य एकत्रित कर रहे हैं। दंगों की पूरी समीक्षा की जा रही है और उस पर आरोप तय किए जा रहे हैं।
अभी तक चंद्रशेखर उर्फ रावण पर चार मामले दर्ज हैं। जबकि 19 अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। जिससे रासुका लगाए जाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के दावे को मजबूती मिल सके।
चंद्रशेखर के साथ अन्य ईनामियों के मामले में भी इस प्रकार की कार्रवाई के लिए समीक्षा की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार का कहना है कि दंगों की पूरी समीक्षा की जा रही है। इसमें रासुका लगाए जाने के आरोपों को तैयार किया जाएगा।