स्लैब डालने को लेकर संघर्ष, आठ घायल
तीतरो (सहारनपुर)। गांव मोधापुर में स्लैब डालने को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष में आठ लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तरफ से छह तथा दूसरे की तरफ से सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट करते हुए सभी 13 लोगों को पकड़कर चालान किया है। उधर, हैंडपंप पर पानी भरने के विवाद में दो समुदाय के लोगों के बीच हुई मारपीट में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान किया है।
तीतरो कोतवाली के गांव माधोपुर में विरेंद्र सिंह अपने मकान के सामने नाली पर स्लैब डाल रहा था। उसके पड़ोसी हंस कुमार ने बरसात में पानी की निकासी में बाधा होने की बात कहते हुए स्लैब डालने का विरोध किया। इस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनमें खूनी संघर्ष हो गया। जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनो पक्षों के विरेंद्र, सुनील, लता, बबली, अंजू, बबीता, संदीप आदि घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आपस में झगड़ रहे लोग भाग खड़े हुए। घायलों को सीएचसी गंगोह में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। प्रकरण में महावीर सिंह ने छह और दूसरे पक्ष के महक सिंह ने सात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाल सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने दबिश देकर मारपीट में शामिल सभी 13 नामजद श्रवण कुमार पुत्र धर्मपाल, प्रवीन पुत्र सुरेंद्र, नरेश पुत्र सूरत सिंह, प्रिंस पुत्र राजबल, बबलू पुत्र जगपाल, अनिल पुत्र जगपाल, हंस कुमार पुत्र रामकुमार, अशोक कुमार पुत्र अतर सिंह, राजकुमार पुत्र रामस्वरूप, पद्म सिंह पुत्र समय सिंह, मदन पुत्र गीताराम, अमित पुत्र नेत्रपाल, विकास पुत्र पदम निवासी माधोपुर को गिरफ्तार कर चालान किया है। उधर, एक अन्य मामले में गांव धानवा की मोहल्ला हरिजन बस्ती में सरकारी हैंडपंप पर पानी भरते वक्त जाहिद राव और गौरव के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के लोगों ने लाठी डंडो से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें कुछ लोगों को चोटें आई हैं। कोतवाल सतेंद्र कुमार राय ने बताया गौरव की तहरीर पर पुलिस ने जाहिद पुत्र इकबाल और बिलाल पुत्र इस्लाम के खिलाफ एससीएसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान किया है।