सहारनपुर डीएम पवन कुमार की अध्यक्षता में तहसील सदर में आयोजित तहसील दिवस में शिकायतों का तो अंबार लग गया, लेकिन पूरे जिले के आला अफसर मिलकर सिर्फ एक शिकायत का ही निस्तारण कर पाए।
मंगलवार को सहारनपुर तहसील के सभागार में तहसील दिवस का आयोजन डीएम पवन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान सीडीओ, डीडीओ, एसडीएम, तहसील के सभी विकास खंडों के बीडीओ, पुलिस अफसरों की मौजूदगी से अधिक शिकायतों के निस्तारण की उम्मीद में लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही।
शिकायतों का भी अंबार लग गया। जिनमें राजस्व विभाग की 41, पुलिस की 8, विकास की 15, विद्युत निगम की 11, शिक्षा की 2, खाद्य आपूर्ति की 8, नगर निगम की 16, समाज कल्याण की 2, जल निगम की 2, पीडब्लूडी की 2, विकास प्राधिकरण की 3, सीएमओ 1, अल्पसंख्यक 1, आवास विकास 1 तथा कारागार की 1 समेत कुल 114 शिकायतें प्राप्त हुईं।
सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग की रहीं। लेकिन अधिकारियों की फौज शिकायतों का निस्तारण नहीं कर पाई। मात्र एक शिकायत ही तहसील दिवस में निस्तारित हो सकी।
डीएम पवन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि भौतिक सत्यापन करके एवं शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही शिकायत का निस्तारण माना जाएगा। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।