सैनिटाइज के नाम पर पानी के छिड़काव का आरोप लगा किया हंगामा
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। नगर पंचायत द्वारा नगर के हॉट स्पॉट मोहल्लों में किये जा रहे सैनिटाइज के नाम पर मात्र सादे पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसे लेकर वार्ड सभासदों व व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम को सभासदों ने टैंकर में भरे पानी को दिखाया तो उन्होंने उसमें ताला डलवा दिया।
नगर के मोहल्ला पीपलतला स्थित मरकज मस्जिद में कोरोना पॉजिटिव के ठहरने पर इस मोहल्ले को सील किया गया था। रविवार को मोहल्ले को सैनिटाइज करने पहुंची नगर पंचायत की टीम ने जैसे ही अपना काम शुरू किया तो वहां पहुंचे सभासद नदीम अहमद, श्रवण कुमार, बृजपाल, वीरेश जैन ने यह कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया कि सैनिटाइज के नाम पर मात्र पानी का स्प्रे किया जा रहा है। हंगामे की सूचना पर एसडीएम एसएन शर्मा मौके पर पहुंचे। एसडीएम को टैंक में भरे पानी को दिखाया गया, जिसमें किसी प्रकार का सैनिटाइजर नहीं मिलने पर उन्होंने टैंक पर ताला डलवाते हुए जांच के आदेश दे दिए। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि का कहना है कि सैनिटाइजर कराने में उनका कोई रोल नहीं है।
उधर, इस मामले में सभासदों ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ एसडीएम एसएन शर्मा को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायती पत्र देने वालों में कर्म सिंह, मीना देवी, आफताब, हमीदा, नदीम अहमद, जहांगीर, शाहीन, डिम्पल, हाजी मंसूर, कुसुम लता आदि है। अधिशासी अधिकारी आरसी मौर्य ने कहा कि सैनिटाइज के दौरान मानक के अनुरूप निर्देशित की गई सोडियम हाइपो क्लोराइड दवाई का मिश्रण का छिड़काव कराया जा रहा है। आरोप निराधार है।