प्लास्टिक मुक्त सहारनपुर पोस्टर को लांच करते कमिश्नर मेयर व नगर आयुक्त
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए बड़ा अभियान शुरू होने वाला है। सोमवार को कमिश्नर, महापौर और नगरायुक्त ने प्लास्टिक मुक्त सहारनपुर का पोस्टर लांच किया। कमिश्नर ने प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक मुक्त सहारनपुर बनाने के लिए नगर निगम ग्रीन ड्रीम फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करेगा। पॉलिथीन आदि प्रतिबंधित सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए नगर निगम पहले से अभियान चला रहा है, मगर अब अभियान में तेजी लाई जाएगी। दुकानों पर पकड़ी जाने वाली पॉलिथीन आदि की मात्रा के अनुसार जुर्माना वसूला जाएगा। सोमवार को कमिश्नर संजय कुमार के कार्यालय पर प्लास्टिक मुक्त सहारनपुर का पोस्टर लांच किया गया। महापौर संजीव वालिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का संदेश दिया है। हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि हम अपने लिए अपने बच्चों के भविष्य के लिए प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए इस जन आंदोलन को सफल बनाएं। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, फाउंडेशन के संस्थापक आशीष सचदेवा आदि मौजूद रहे।
दुकानों पर पॉलिथीन पकड़े जाने पर जुर्माना
पॉलिथीन की मात्रा------------------- जुर्माना
100 ग्राम तक------------------------ 1000 रुपये
101 से 500 ग्राम तक---------------- 2000 रुपये
501 ग्राम से एक किलो तक----------5000 रुपये
एक किलो से पांच किलो तक---------10000 रुपये
पांच किलोग्राम से अधिक पर---------25000 रुपये