छात्र की मौत पर हंगामा करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में एचएवी इंटर कॉलेज के कक्षा दसवीं के छात्र की प्रिंस की संदिग्ध हालात में मौत को लेकर सोमवार को कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। छात्रों ने डॉ. अंबेडकर स्टूडेंट यूनियन पदाधिकारियों के साथ मिलकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
साथ ही मौत के लिए जिम्मेदार शिक्षक को निलंबित कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। नहीं तो आंदोलन करने की चेतावनी दी। मामले में डीआईओसए ने भी पत्र भेजा है।
गांव दाबकी गुर्जर निवासी चंद्रपाल का बेटा प्रिंस एचएवी इंटर कॉलेज का दसवीं का छात्र था। शनिवार को जहरीले पदार्थ के सेवन से उसकी कॉलेज से घर जाते हुए रास्ते में ही मौत हो गई थी। छात्र की मौत के विरोध में सोमवार को डॉ. अंबेडकर स्टूडेंट यूनियन पदाधिकारियों ने कॉलेज पहुंचकर हंगामा किया।
यूनियन के राष्ट्रीय सचिव सुभाष चंद का आरोप है कि विकास गुप्ता नाम के शिक्षक ने प्रिंस को टार्चर किया। उससे पीटने के साथ ही उसे सभी बच्चों के सामने जातिसूचक शब्द कहे, जिससे आहत होकर प्रिंस ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन से विकास गुप्ता को निलंबित करने की मांग की। यूनियन ने शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कठोर कार्रवाई कराने की बात भी कही। प्रदर्शनकारियों में रविंद्र कुलवंशी, नफे सिंह, सागर, संजय, राजा, राहुल आदि शामिल रहे।
उधर, कॉलेज के प्रधानाचार्य एसएस राजपूत का कहना है कि छात्रों ने क्लास बंक की थी। अगले दिन शिक्षक ने सजा के तौर पर तीनों बच्चों को अपने अभिभावकों को बुलाकर लाने की बात कहते हुए शिक्षक ने क्लास से बाहर कर दिया था। प्रिंस को अलग से कमरे में ले जाने की बात बेबुनियाद है।