सहारनपुर में तीन दिन पूर्व पकड़े गए राशन को बेचने वाले राशन डीलर के नहीं पकड़े जाने एवं कार्रवाई नहीं किए जाने से आक्रोशित लोगों ने कलक्ट्रेट में जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोपी को पकड़ने एवं उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को लोग एकत्रित होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि तीन दिन पूर्व लोगों ने सस्ते गल्ले का राशन पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। यहां तक कि लोगों ने थाने में तहरीर भी दी।
लेकिन अभी तक न तो राशन तस्कर को पकड़ा गया है और न ही पकड़ा गया राशन वितरित कराया गया है। जबकि लोगों ने मौके पर सील बंद राशन उतारते हुए पकड़ा, आरोपी का मोबाइल तक गाड़ी में रह गया था।
जिला पूर्ति अधिकारी ने इसकी जांच भी कर ली है। लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर शीघ्र ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर आरोपी को गिरफ्तार कराए जाने की मांग की। मांग करने वालों में सपा नेता सरवर गाड़ा, जहीर तुर्की, बाबू मलिक, इसरार जुबेरी, अब्दुल बारी, चौधरी आरिफ, इस्तखार हसन शामिल रहे।