सहारनपुर। सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। शीतलहर चलने के कारण सर्दी ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने अलाव व हीटर का सहारा लिया। दोपहर बाद हल्की धूप निकली, लेकिन उससे भी लोगों को कोई राहत नहीं मिली। बृहस्पतिवार को न्यूनतम 10 और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लगातार बढ़ती सर्दी से जन जीवन प्रभावित हो रहा है। बृहस्पतिवार सुबह कोहरा छाया रहा। एक्सप्रेसवे, हाईवे और सड़कों पर कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। बाजारों तक में सर्दी का असर दिखाई दिया। बादल छटने के बाद हल्की धूप निकल पाई। चाय की रेहड़ियों और मूंगफली के ठेलों पर लोगों की भीड़ लगी रही। सर्द हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाती रहीं। इसके कारण लोगों को पूरा दिन कंपकंपी छूटती रही।
सर्दी के तेवर देख अधिकतर लोग घरों में दुबके रहे। जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले। गलन से राहत पाने के लिए घरों में हीटर व ब्लोअर और बाहर लोगों ने अलाव का सहारा लिया। शाम होते ही ठिठुरन चरम पर पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में उतार चढ़ाव के साथ सर्दी का प्रकोप अभी बना रहेगा। इसके कारण लोगों को और परेशानी झेलनी पड़ेगी।
कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर लगाया ब्रेक
कोहरे के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला बरकरार है। बृहस्पतिवार को ट्रेन नंबर 14673 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस करीब पांच घंटे, पाटलीपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ढाई घंटे और न्यू तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से सहारनपुर पहुंची। इनके अलावा जलियांवाला बाग, जनसेवा एक्सप्रेस कोहरे के कारण निरस्त चल रही है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें
निमोनिया होने पर लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के प्रति खासतौर पर सतर्कता बरतने की जरूरत है। चिकित्सकों का कहना है कि अगर सर्दी-जुकाम ठीक नहीं हो रहा है तो बिना समय गंवाए डाॅक्टर को दिखाएं। समय से इलाज न मिलने पर निमोनिया जानलेवा हो सकता है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बिरेंद्र भट्ट ने बताया कि निमोनिया से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं। स्वच्छता का ध्यान रखें।