घने कोहरे के आगोश में शहर-देहात, शीत लहर ने किया बेहाल
सहारनपुर। सुबह से शहर और देहात के कई इलाके घने कोहरे के आगोश में रहे। शीत लहर ने बड़े-बुजुर्गों को घर में दुबकने पर मजबूर किया। इससे आम जनजीवन काफी प्रभावित रहा। लोग ठिठुरन दूर करने के लिए जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखे। पूर्वानुमान है कि रविवार को भी मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा।
शनिवार सुबह घने कोहरे की चादर में इलाका लिपटा रहा। आलम यह रहा कि 100 मीटर दूरी पर भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। अदृश्यता कम होने के चलते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे जब कोहरा छंटा तो लोगों का कुछ राहत मिली। लेकिन शीत लहर के चलते गलन बरकरार रही। सर्दी का असर जिला अस्पताल में भी देखने को मिला। इमरजेंसी के बाहर लोग अलाव सेंकते नजर आए। पर्ची बनवाने के लिए लाइन में लगे मरीज भी गर्म कपड़ों से ढंके हुए थे। हालांकि, दोपहर में निकली धूप के कारण तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। शनिवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते सात दिन में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है, जिसमें आगे भी गिरावट के आसार हैं।
मुजफ्फराबाद स्थित मौसम वैधशाला के प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि अगले 24 घंटे मौसम में बदलाव होगा। रविवार को बूंदाबांदी भी होने के आसार हैं।
----- सात दिन में तापमान की स्थिति
- तारीख --- न्यूनतम --- अधिकतम
- 16 जनवरी -- 3.2 ------ 17.6
- 15 जनवरी -- 4.5 ------ 20.4
- 14 जनवरी -- 03 ------ 18.5
- 13 जनवरी -- 6.2 ------ 16.4
- 12 जनवरी -- 4.5 ------ 11.2
- 11 जनवरी -- 5.4 ------ 13.4
- 10 जनवरी -- 05 ------- 16
---------