उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सदर बाजार थाना क्षेत्र में आईटीसी रोड पर मधुबन विहार कॉलोनी स्थित कोचिंग सेंटर के संचालक पर छात्रा के पिता ने गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि अनुसूचित जाति से होने के कारण छात्रा को कोचिंग सेंटर में पढ़ाने से इनकार कर दिया।
बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे सिकंदर ने शिकायतपत्र देकर बताया कि उनकी बेटी कक्षा 9 की छात्रा है। वह गणित और विज्ञान विषय का ट्यूशन प्राप्त करने के लिए कोचिंग सेंटर पर गए। कोचिंग सेंटर संचालक ने दोनों विषय की पढ़ाई कराने का खर्च बताया और फिर छात्रा की जाति पूछी।
आरोप है कि छात्रा अनुसूचित जाति से होने का पता चलने पर संचालक ने पढ़ाई कराने से मना कर दिया और कहा कि तुम्हारी बेटी को पढ़ाया तो अन्य छात्र यहां पढ़ने नहीं आएंगे। सिकंदर ने मांग की है कि मामले में कोचिंग सेंटर संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाए।
सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी का कहना है कि शिकायती पत्र मिला है, जांच के लिए सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी के पास भेज दिया गया है।