शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग का भी हवाई सर्वे कर व्यवस्था का जायजा लेंगे। इसके बाद वो पुलिस लाइन में अधिकारियों की बैठक कर बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
समीक्षा बैठक के बाद वह महानगर में लगाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण करेंगे। जहां पर प्रभावित लोगों को मिल रही मदद की जानकारी लेंगे। सीएम के अचानक निरीक्षण पर आने की सूचना से पुलिस प्रशासन में हडकंप मचा है।
शहर विधायक राजीव गुंबर ने बताया कि मुख्यमंत्री का शुक्रवार को दोपहर में आने का कार्यक्रम तय हो गया है। यहां कांवड़ यात्रा और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि मुख्यमंत्री के शुक्रवार को आने की सूचना मिली है, अभी मिनट टू मिनट का कार्यक्रम नहीं आया है।