सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू में मिलने वाली छूट के दौरान नागरिकों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। मंगलवार को भी बाजारों में गाइड लाइन का उल्लंघन होता नजर आया। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान किए।
मंगलवार की सुबह भी चौक फव्वारा स्थित सब्जी मंडी पर लोगों की भीड़ लगी रही। यहां पर लोग शारीरिक दूरी का पालन किए बिना खरीदारी कर रहे थे। इसी तरह मोरगंज बाजार, शहीदगंज बाजार, घंटाघर, कोर्ट रोड, दिल्ली रोड, नुमाइश कैंप, हकीकत नगर, कंबोह का पुल, चिलकाना रोड, बाजोरिया रोड सहित अनेक क्षेत्रों गाइड लाइन का उल्लंघन होता नजर आया। इस दौरान महानगर के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस सक्रिय रही। पुलिस बाजारों में गाइड लाइन का पालन कराते हुए दिखी। बिना मास्क लगाए घूम रहे लोगों के चालान काटे गए। इसके अलावा कोरोना कर्फ्यू के दौरान बेवजह सड़कों पर घूम रहे लोगों के भी चालान काटे गए। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू में लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। मंगलवार को भी करीब 200 से अधिक लोगों के चालान किए गए। इसके साथ ही बाजारों में लोगों व दुकानदारों से सरकार की गाइड लाइन का पालन करने की अपील की।