बेहट(सहारनपुर)। शुक्रवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तहसील सभागार में कस्बे समेत ग्रामीण क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाकर रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल केवल पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के शरणार्थियों के लिए है। यह बिल भारत के किसी भी वर्ग के लोगों को प्रभावित नहीं करता है।
बैठक में सीडीओ प्रणव सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल पर भ्रांतियां फैलाई जा रही है। भारत के कुल 29 राज्यों में से मात्र असम में ही एनआरसी लागू की गई है। बताया कि इस विधेयक में जो संशोधन किया गया है। उसमें तीनों देशों से भारत में आए अल्पसंख्यकों को पांच साल बाद यहां की नागरिकता मिल जाएगी, जबकि पहले इसके लिए 11 साल का इंतजार करना होता था। कहा शरारती तत्व अफवाह फैलाकर माहौल खराब कर रहे हैं। ऐसे लोगों के बहकावे में न आए। एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडेय और सीओ विजयपाल सिंह ने कहा कि सड़क पर उतरकर उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान ने कहा कि अगर विरोध करना है, तो शांति पूर्ण तरीके से अधिकारियों को अपने बीच बुलाकर ज्ञापन दे।
बेहट की जामा मस्जिद केे इमाम मौलाना राशिद जमाल कासमी ने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न देकर अमन कायम रखे। मस्जिद मनिहारान के इमाम कारी अल्ताफ ने कहा कि इस्लाम ने हमेशा से ही अमन का पैगाम दिया है। पूर्व चेयरमैन शाह महमूद हसन ने कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए अफवाह फैलाकर देश में माहौल खराब करने में लगे हैं। कानून में समय-समय पर बदलाव होता रहता है। कोतवाली प्रभारी पवन चौधरी, अधिवक्ता लोकेश राणा, अनिल सिंघल, महमूद अली खां, कामरेड शौकत, एमए काजमी, गुड्डू पीरजादा, जमील अहमद, हफीज कुरैशी, हफीजुर्रहमान, फजलुर्रहमान, मुर्शद, मो. आरिफ, सत्यप्रकाश रोहिला, जरीफ अहमद, सगीर अहमद, अवनीश अग्रवाल, मुकेश राणा, राकेश गाबा, फराज अहमद, हाजी इकबाल कुरैशी, मो. सलीम, फूलचंद वाल्मीकि, आसिफ नबी, सुधीर कर्णवाल, अनुराग शर्मा, रिंकू कर्णवाल रहे।