नानौता में हवाई मार्ग से कार लेकर जाते चिनूक हेलीकॉप्टर।स्रोत वीडियोग्रैब
नानौता। नगर में शुक्रवार सुबह सात बजे उस समय लोग अचरज में पड़ गए जब उन्होंने आसमान में दो सीएच-47 चिनूक भारी परिवहन हेलीकॉप्टर उड़ते हुए देखे। विशेष बात यह रही कि दोनों हेलीकॉप्टरों के नीचे एक-एक कार लटकी थी।
हेलीकॉप्टर जिस दिशा से गुजर रहे थे, वहां लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं। कारों को हवा में लटकाकर ले जाते हुए हेलीकॉप्टरों का यह अनोखा दृश्य देखकर लोग हैरान रह गए। लोग इन्हें देखने के लिए घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस तरह हेलीकॉप्टरों के जरिए वाहनों को ले जाते हुए उन्होंने पहली बार देखा। देखते ही देखते यह दृश्य नगर में चर्चा का विषय बन गया। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें भी बनाई, जो बाद में सोशल मीडिया पर साझा की गईं।
सीएच-47 चिनूक यह एक भारी-भार परिवहन हेलीकॉप्टर है, जिसका उपयोग भारतीय सेना द्वारा सैनिकों, वाहनों, तोपों, राहत सामग्री और अन्य भारी सामान को ले जाने के लिए किया जाता है।