सहारनपुर में सावधान! कहीं आप नकली चाइनीज अंडा तो नहीं खा रहे हैं? बताया जा रहा है कि नकली एवं चाइनीज अंडों की खेप बाजार में उतारी गई है। सहारनपुर में भी केमिकल से बने नकली एवं चाइनीज अंडे पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
जिससे लोगों की सेहत को भारी नुकसान हो सकता है। शासन ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को अलर्ट जारी कर छापेमारी करने के आदेश दिए हैं। सर्दी बढ़ने के साथ ही मुर्गी के अंडों की खपत काफी बढ़ गई है।
पशुपालन विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में जितने अंडों का उत्पादन हो रहा है, खपत उससे काफी अधिक है। ऐसे में अंडों को दूसरे शहरों एवं राज्यों से मंगाया जा रहा है लेकिन अब तक अंडों की गुणवत्ता की जांच नहीं की गई।
लेकिन कुछ दिनों से केमिकल से बने नकली एवं चाइनीज अंडों के बाजार में पहुंचने की सूचना से हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि दो माह पूर्व चीन से अंडों की बड़ी खेप आई है। जिनकी गुणवत्ता बेहद खराब है। इनमें केमिकल का प्रयोग किया गया है।
इसके अलावा बाजार में केमिकल से निर्मित अंडों की भी बिक्री की जा रही है। जो सेहत के लिए भारी नुकसानदायक हैं। शासन ने चाइनीज एवं नकली अंडों की बिक्री को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।
अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राम अरज मौर्य ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी को अंडों की सप्लाई करने वाली इकाइयों पर पहुंचकर जांच करने के आदेश दिए हैं।
चाइनीज एवं हानिकारक रसायनों से बने अंडों की बिक्री, निर्माण तथा व्यापार पर रोक लगाकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि लखनऊ एवं एफडीए भवन न्यू दिल्ली से आदेश मिले हैं। जिसमें चाइनीज एवं रासायनिक अंडों की बिक्री पर रोकथाम के निर्देश दिए गए हैं।