देवबंद। बेनिसन स्कूल में मदर्स-डे पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के लिए विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मनमोह लिया। इस दौरान बच्चों ने मां को उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया।
इंद्रपुर मार्ग स्थित बेनिसन स्कूल में हुए कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत, कविताओं और नाट्य प्रस्तुतियां देकर मातृत्व के महत्व को भावपूर्ण रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा बनाए गए कार्ड्स और उपहारों ने सभी माताओं को भावविभोर कर दिया।
विज्ञापन
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीकांत चौधरी ने कहा कि मां जीवन की पहली गुरु होती है। इस दिन का उद्देश्य माताओं के प्रति आभार प्रकट करना और उनके त्याग व स्नेह को सम्मान देना है।
प्रबंधक डॉ. शाइस्ता चौधरी व नदीम चौधरी ने संयुक्त रूप से कहा कि इस आयोजन ने न केवल बच्चों को मातृत्व का सम्मान करना सिखाया, बल्कि माताओं और बच्चों के बीच के संबंध को और भी सुदृढ़ किया। कार्यक्रम में माताओं के लिए खेल और गतिविधियां भी रखी गईं, जिनमें उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंत में माताओं को विद्यालय की ओर से उपहार भेंट किए।