सहारनपुर के बेहट में दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर बेकाबू कार ने एक आठ साल की बच्ची को टक्कर मार दी। कार चालक बच्ची को उसकी बुआ के साथ कार में बैठाकर अस्पताल ले जाने की बात कहकर बेहट कोतवाली पहुंच गया।
यहां से पुलिस बच्ची को सीएचसी लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार एवं उसका चालक बेहट कोतवाली में पुलिस की हिरासत में है। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे थाना मिर्जापुर क्षेत्र में बादशाहीबाग में हुआ।
बादशाहीबाग निवासी नीटू की आठ साल की बेटी मुस्कान सड़क पार कर रही थी। सड़क पार करते समय विकासनगर की तरफ से तेज गति से आई कार ने मुस्कान को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त लगी कि मुस्कान कई फीट हवा में उछलने के बाद सड़क पर गिरी। कार चालक ने कार रोकी और मुस्कान को सड़क उठाकर कार की सीट पर लिटा दिया। इतने में मुस्कान की बुआ संगीता भी मौके पर आ गई।
संगीता को साथ लेकर कार चालक बादशाहीबाग पुलिस को चौकी को अपना नाम व पता नोट कराकर अस्पताल ले जाने की बात कहकर वहां से निकल आया और घबराहट में बेहट कोतवाली में आकर कार रोक दी।
यहां से पुलिस मुस्कान को लेकर सीएचसी पहुंचा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। कार एवं उसका चालक बेहट पुलिस की हिरासत में थे। मृत बालिका का शव सीएचसी में रखा था। अभी तक घटना की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी।