मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महानगर में आगमन के मद्देनजर प्रशासन की ओर से अंबाला रोड को तोरणद्वार से सजाया गया है। मुख्यमंत्री सरसावा एयरपोर्ट से कार द्वारा अंबाला मार्ग से होते हुए महानगर में जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। अंबाला रोड पर एक साइड में कई महीनों से सड़क उखड़ी पड़ी है। प्रशासन ने इस सड़क को कवर करने के लिए तमाम मार्ग पर हरे कपड़े से ढक दिया है। मार्ग पर धूल न उड़े इसके लिए लगातार पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रशासन ने अंबाला रोड पर रेडी ठेले वालों को हटवा कर पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया है। घंटाघर से लेकर अंबाला रोड की ओर तमाम तरह के वाहनों का संचालन बंद कर रखा है।
महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान पर निकाय प्रबुद्ध सम्मेलन के लिए बड़ा पंडाल बनाया गया है। इसके साथ ही मैदान को जेसीबी के माध्यम से शनिवार को समतल किया गया और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। पूरे दिन और रात में सरकारी तंत्र व्यवस्था बनाने में जुटा रहा।
इसी तरह जनता रोड स्थित प्रिंस कॉलोनी में हेलीपैड बनाया गया है, जहां पर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरा। शनिवार को एडीजी जोन राजीव सभरवाल, डीआईजी सुधीर कुमार सिंह, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. विपिन ताडा सहित तमाम पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने हेलीपैड और महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान का जायजा लिया और व्यवस्थाएं देखी। इसके साथ ही खामियों को तत्काल प्रभाव से दूर कराया। रविवार को भी सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जायजा लेते रहे।
यह भी पढ़ें: UP: 60 किलो के अजगर को देख चौंक गए अफसर, पकड़ने में जुटी बड़ी टीम, ये तस्वीरें देख हिल जाएंगे आप
यह भी पढ़ें: बागपत: सनसनीखेज वारदात से कांपे लोग, पति-जेठ ने महिला को उतारा मौत के घाट, सामने आई ये बड़ी वजह