सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ऑनलाइन वार्ता करते उद्यमी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सहारनपुर हैंडीक्राफ्टस डेवलपमेंट सेंटर की ओर से पिलखनी में स्थित कलस्टर के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह वुडन हैंडीक्राफ्ट उद्योग के लिए लाभकारी साबित होगा। वुडकार्विंग उद्यमियों को एक ही जगह पर जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों को चेक भी सौंपे गए।
कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में वीडियो कांफ्रेस में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बैठक में भाग लेने वाले अधिकारियों और उद्यमियों का परिचय कराया। सहारनपुर हैंडीक्राट्स डेवलपमेंट सेंटर के प्रबंध निदेशक रामजी सुनेजा ने बताया कि पिलखनी में एक कलस्टर बनाया जा रहा है। इसमें जिले की 60 हैंडीक्राफ्ट्स की इकाइयां काम करेंगी। इससे सहारनपुर का निर्यात जल्द ही बढ़ सकेगा। इसके साथ ही करीब 5000 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसी कलस्टर में एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत कॉमन फैसिलिटी सेंटर संचालित होगा। उन्होंने कहा कि यह सेंटर वुडन हैंडीक्राफ्ट्स के विकास एवं निर्यात के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। एक ही जगह पर उद्यमियों और निर्यातकों को जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि पहले वुड हैंडीक्राफ्ट के निर्यात में केवल भारत ही बाजार में था, लेकिन अब विश्व के कई अन्य देश मुकाबले में आ गए हैं। पिछले तीन वर्ष में सहारनपुर वुडन हैंडीक्राफ्ट का निर्यात 1000 करोड़ रुपये के करीब चल रहा था, लेकिन कोरोना काल के बाद कारोबार प्रभावित हुआ है। कलस्टर और कॉमन फैसिलिटी सेंटर से वुडकार्विंग उद्योग को गति मिल सकेगी और निर्यात बेहतर हो सकेगा। इस दौरान जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, सहारनपुर हैंडीक्राट्स डवलपमेंट सेंटर के प्रबंध निदेशक रामजी सुनेजा, मोहम्मद औसाफ, निदेशक रविंद्र मिगलानी एवं जुनैद अहमद खान आदि रहे।