छठ पूजा के लिए ट्रेनों में भीड़
सहारनपुर। छठ पूजा पर्व को लेकर यात्रियों की लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। ट्रेनों में मारामारी मची हुई है। ट्रेनों में चढ़ने को लेकर आपाधापी इस कदर मच रही है कि यात्रियों के साथ दुर्घटनाएं तक हो रहीं हैं।
छठ पूजा के लिए लोगों का गंतव्य को जाना शुरू हो गया है। ट्रेनों में भारी भीड़ हो रही है। लोग लंबे रूट के लिए ट्रेनों को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। जिसके चलते ट्रेनों में मारामारी मची हुई है। न सिर्फ सीट पर बैठने को लेकर झगड़ा कर रहे हैं बल्कि चोटिल भी हो रहे हैं। आपाधापी इस कदर हो रही है कि लोग गिरकर चोटिल तक हो रहे हैं। जान जोखिम में डालकर लोग ट्रेन में चढ़ रहे हैं। सोमवार रात लगभग 12 बजे प्लेटफार्म नंबर तीन पर ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी में एक व्यक्ति फिसलकर ट्रेन के नीचे आ गया। जिससे उसके दोनों पैर कट गए। आरपीएफ ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार शाम को भी एक व्यक्ति का ट्रेन में चढ़ने समय ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसका एक हाथ कट गया। ट्रेनों एवं प्लेटफार्म पर भीड़भाड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ भी चौकन्ने हो गए हैं। रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिंग की जा रही है। ट्रेनों में भी चेकिंग की जा रही है। लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।