सहारनपुर। सीबीएसई की दसवीं और 12वीं की टर्म-1 की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के लिए जनपद में 51 केंद्र बनाए हैं। परीक्षाएं 30 नवंबर से शुरू होकर 28 दिसंबर तक चलेंगी। बोर्ड ने परीक्षाओं में कोविड को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी निर्देशों का पालन सख्ती से कराने को कहा है।
जनपद में सीबीएसई के 113 स्कूल हैं, इनमें इस बार दसवीं में 8,193 तथा 12वीं में 6221 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इस प्रकार टर्म-1 की परीक्षा में 14,414 परीक्षार्थी शामिल होंगे। 30 नवंबर को पहली परीक्षा दसवीं के विद्यार्थियों की सामाजिक विज्ञान विषय की रहेगी। 10:45 बजे परीक्षार्थियों को केंद्रों के भीतर प्रवेश दिया जाएगा। 11:10 मिनट पर प्रश्न पत्र बांट दिया जाएगा। 20 मिनट प्रश्न पत्र को पढ़ने के लिए मिलेंगे। इसके बाद 11:30 बजे से परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा प्रतिदिन एक-एक पाली में होगी। बोर्ड ने परीक्षा में कोविड से बचाव के लिए केंद्र और राज्य सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करने को कहा है। बिना मास्क के परीक्षार्थी के साथ ही कोई कक्ष निरीक्षक या अधिकारी भी प्रवेश नहीं करेगा। कक्ष में सीट प्लान में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा गया है।
पहली बार हो रही टर्म परीक्षाएं
केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति -2020 को लागू करने की मंजूरी दी थी। इसमें बोर्ड परीक्षा को सेमेस्टर सिस्टम की तर्ज पर दो टर्म में करने की बात कही थी। इसी के तहत सीबीएसई ने इस बार परीक्षाओं को टर्म-1 और टर्म-2 में कराने का निर्णय लिया है।
सीबीएसई की टर्म-1 की परीक्षाएं 30 नवंबर से शुरू हो रही हैं। इसके लिए जनपद में 51 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। कोविड से बचाव के लिए सरकार और बोर्ड के निर्देशों का कड़ाई से पालन होगा। - डॉ. दिव्य जैन, नोडल अधिकारी।