सहारनपुर। जनपद में सीबीएसई 12वीं में बेटियों ने सफलता का परचम लहराया। टॉप तीन स्थानों पर बेटियों ने कब्जा किया। नंदिनी पहले, सिमर दूसरे तथा हर्षिता कपूर और श्रेया एकसमान नंबर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही।
दून वैली पब्लिक स्कूल देवबंद की नंदिनी कुशवाहा ने 98.8 प्रतिशत नंबरों के साथ जनपद टॉप किया। उन्होंने इतिहास, राजनीति विज्ञान और चित्रकला में शत प्रतिशत नंबर प्राप्त किए। नंदिनी ने दसवीं में 96 प्रतिशत नंबर के साथ स्कूल टॉप किया था। दूसरे नंबर पर सरस्वती विहार सीनियर सेकेंड्री स्कूल की सिमर रही, जिसने 98.2 प्रतिशत नंबर प्राप्त किए। सिमर ने दसवीं में 98.8 प्रतिशत नंबरों के साथ जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। तीसरे नंबर पर पाइनवुड स्कूल की हर्षिता रहीं, हर्षिता को 98 प्रतिशत नंबर प्राप्त मिले।
हर्षिता दसवीं में भी स्कूल टॉपर थी। आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल की श्रेया ने भी 98 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और वह हर्षिता के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। ज्यादातर स्कूलों का परिणाम शत प्रतिशत रहा। इससे स्कूलों में जश्न का माहौल रहा। बच्चों की सफलता पर अभिभावक मिठाई लेकर स्कूलों में पहुंचे। शिक्षकों ने मेधावियों का मुंह मीठा कराते हुए सफलता की खुशी मनाई।
टॉपर्स की कहानी...
नंदिनी को बनना है आईएएस अधिकारी
दून वैली पब्लिक स्कूल देवबंद की छात्रा नंदिनी मूल रूप से मुजफ्फरनगर के गांव हरिया खेड़ा की रहने वाली है, लेकिन वर्तमान में उनका परिवार देवबंद की टीचर्स कॉलोनी में रहता है। पिता पृथ्वी सिंह अपना स्कूल चलाते हैं, जबकि मां अंजना पुंडीर दून वैली स्कूल की ही शिक्षिका हैं। नंदिनी ने प्रतिदिन दस से 12 घंटे पढ़ाई कर यह सफलता पाई है। बीच-बीच में वह ब्रेक लेकर डांस भी करती थी, जो उसका शौक है। वह यूपीएससी की तैयारी में जुटी है। उसका सपना आईएएस अधिकारी बनना है। चूंकि ताऊ के बेटे युवराज और ताऊ आनंद प्रकाश लेफ्टिनेंट हैं। ऐसे में उसका रुझान डिफेंस की ओर भी है।
मोबाइल फोन पर समय खराब नहीं किया
जनपद में दूसरे नंबर की टॉपर सिमर दुर्गा विहार में रहती हैं। पिता तरुण कुमार फोटो स्टेट मशीन के डीलर हैं, जबकि मां भारती ट्यूशन पढ़ाती हैं। सिमर ने यह सफलता खुद की तैयारी से प्राप्त की है। वह प्रतिदिन आठ से दस घंटे तक पढ़ती थी। खास बात यह है कि उसने मोबाइल फोन पर रील्स आदि देखने में अपना समय खराब नहीं किया। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल पढ़ाई के लिए करती थीं। सिमर का सपना भी आईएएस बनने का है, जिसकी तैयारी में वह अभी से जुटी हैं।
नियमित पढ़ाई से मिली सफलता
पाइनवुड स्कूल की हर्षिता कपूर ने जनपद में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। हर्षिता का परिवार मिशन कंपाउंड में रहता है। पिता आकाश कपूर मशीनों के व्यापारी हैं, जबकि मां स्वाति कपूर गृहिणी हैं। हर्षिता ने प्रतिदिन पांच से छह घंटे नियमित पढ़ाई से यह सफलता पाई है। हर्षिता ने बताया कि वह दसवीं में भी स्कूल टॉप रही हैं। वह एकाउंट के क्षेत्र में ही कॅरिअर बनाना चाहती हैं। फिलहाल उसका ध्यान आगे की पढ़ाई पर है। हर्षिता ने भी परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन को खुद से दूर ही रखा।
अभी पढ़ाई पर फोकस करना चाहती हैं श्रेया
अभी पढ़ाई पर फोकस करना चाहती हैं श्रेया जनपद की तीसरे नंबर की टॉपर श्रेया के पिता प्रवीण उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि मां रीता देवी सरकारी शिक्षिका हैं। श्रेया ने दसवीं की परीक्षा में स्कूल में तीसरा स्थान पाया था, जबकि इस बार स्कूल टॉप किया है। श्रेया ने यह सफलता स्कूल से अलग पांच से छह घंटे की प्रतिदिन की पढ़ाई से प्राप्त की है। रीता का कहना है कि उसने अभी तक तय नहीं किया है कि क्या बनना है, लेकिन वह अभी आगे की पढ़ाई को अच्छे से करना चाहती हैं।