सहारनपुर। 15 फरवरी से शुरू हो रही सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में इस बार 33 केंद्र बनाए गए हैं। इन पर दसवीं और 12वीं के 12 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सहारनपुर महानगर के साथ ही जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षाओं की टाइमिंग सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगी, लेकिन परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश सुबह 10 बजे तक ही दिया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुबह दस बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश न दिया जाए। परीक्षार्थियों को इस बात का ध्यान रखना होगा। इसके अलावा परीक्षार्थियों को अपनी स्कूल यूनिफॉर्म में ही पहुंचना होगा। बिना यूनिफॉर्म के केंद्र में एंट्री नहीं दी जाएगी, साथ ही उन्हें प्रवेशपत्र व अपना स्कूल का पहचान पत्र भी लेकर पहुंचना होगा। खास बात यह है कि सहारनपुर महानगर के साथ ही देवबंद, नानौता, रामपुर मनिहारान, नकुड़, सरसावा और बेहट रोड आदि पर भी केंद्र बनाए गए हैं, जिससे कि संबंधित क्षेत्र के परीक्षार्थियों को केंद्र अधिक दूर ना पड़ें।
कड़ी रहेगी निगरानी
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं में सीसीटीवी और वायस रिकॉर्ड की अनिवार्यता पहले से है। परिसर के साथ ही प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे रहते हैं, लेकिन इस बार व्यवस्था और कड़ी की गई है। सभी केंद्रों को अनिवार्य रूप से सीसीटीवी दुरुस्त रखने को कहा गया है। नई बात यह है कि प्रत्येक दस कक्षों के सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए एक कर्मचारी तैनात करना होगा।
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में इस बार 33 केंद्र बनाए गए हैं। अच्छी बात यह है कि महानगर के साथ ही देवबंद, नकुड़, रामपुर मनिहारान आदि जगहों पर भी केंद्र बनाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था इस बार और कड़ी की गई है।
- डॉ. दिव्य जैन, प्रधानाचार्य आशा मॉडर्न स्कूल/जिला समन्वयक।