सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका होने के बाद भी नागरिकों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। साप्ताहिक बंदी के दूसरे दिन रविवार को भी सड़कों पर लोगों की मनमानी देखने को मिली। सड़कों पर खूब आवाजाही रही और कई जगहों पर दुकानें भी खुली रही।
रविवार को नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक, प्रताप मार्केट, शहीद गंज बाजार, मोर गंज बाजार बंद रहे। चौक फव्वारा स्थित सब्जी मंडी खुली रही, जहां पर लोग सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन करते नजर आए। इसके अलावा नुमाइश कैंप, हकीकत नगर, कंबोह का पुल, चिलकाना रोड, शारदा नगर, खलासी लाइन, घंटाघर के आसपास सहित अनेक जगहों आवश्यक सेवाओं को छोड़कर कई तरह की दुकानें खुली रही। ऐसे में यह लापरवाही दोबारा जीवन को संकट में डाल सकती है।
पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। शाम के समय घंटाघर, कोर्ट रोड, चकराता मार्ग, अंबाला रोड, देहरादून हाईवे, अंबाला रोड पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर मास्क न लगाने और बेवजह सड़कों पर घूमने वाले लोगों के चालान किए। एसपी सिटी राजेश कुमार ने 100 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की गई।