बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज बस
- फोटो : SAHARANPUR
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दिल्ली देहरादून हाईवे पर स्थित लोहे के पुल के पास उत्तराखंड परिवहन की बस की टक्कर से कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल में भरती कराया। जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य चारों की हालत गंभीर बनी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर घंटों तक जाम भी लगा रहा।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात देहरादून की ओर से कार में पांच लोग आ रहे थे, जैसे ही यह लोग शिवालिक की पहाड़ियों में बने लोहे के पुल के पास पहुंचे तो सहारनपुर की ओर से जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस से उनकी कार में टक्कर लग गई। जिससे कार में बैठे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। मोहंड चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां मेरठ निवासी 27 वर्षीय दीपक पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी मकान नंबर 235 माधवपुरम, सेक्टर तीन की मौत हो गई। घायलों में आशीष पुत्र राजेंद्र पाल, रविकांत निवासीगण कोलागढ़ देहरादून व विरेन्द्र पुत्र फतेह चन्द निवासी शासनी गेट अलीगढ़ का उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया घायलों की हालत गंभीर होने के कारण ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार के लोगों के पहुंचने के बाद ही जानकारी मिल सकेगी। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
बिहारीगढ़ में हादसे में क्षतिग्रस्त कार- फोटो : SAHARANPUR