सहारनपुर। दिल्ली रोड पर सरस्वती विहार स्कूल के पास बुधवार को कार ने स्कूटी सवार मां-बेटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी कार के नीचे फंस गई। बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े बिजली खंभे भी तोड़ दिए। घायल मां-बेटी को दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार को कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में गलीरा रोड स्थित न्यू लक्ष्मीपुरम निवासी नीलू अपनी बेटी ग्रेसी के साथ स्कूटी से चुनहेटी की तरफ जा रही थी। सरस्वती विहार स्कूल के पास सामने से आ रही कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कूटी कार के नीचे फंस गई और काफी दूर घसीटते हुए ले गई। गनीमत यह रही कि टक्कर लगते ही महिलाएं स्कूटी से नीचे सड़क पर जा गिरी, लेकिन उन्हें गंभीर चोट आई। इसके बाद बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे भी तोड़ दिए।
बिजली लाइन में करंट होने की वजह से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग घबरा गए। इसके बाद पहुंची विद्युत निगम की टीम ने बिजली लाइन के तार सड़क से हटवाए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों महिलाओं को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद कार सवार युवक भाग गए। आशंका है कि दोनों शराब के नशे में थे। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सीओ द्वितीय विकास कुमार चौहान ने बताया कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर युवकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।