नागल में हादसे का शिकार हुई क्षतिग्रस्त कार
- फोटो : SAHARANPUR
खड़े ट्रक में कार ने मारी टक्कर, दो की मौत
नागल। नागल सिडकी पुलिस चौकी के पास सोमवार तड़के सर्विस रोड पर खड़े ट्रक में पीछे से कार घुस गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि उनके दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। युवकों की पहचान उनके जेब में मिले आधार कार्ड के जरिए हुई है।
नागल थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि रविवार की रात करीब तीन बजे सिडकी पुलिस चौकी पुल के पास झबरेड़ा और टपरी जाने वाले सर्विस रोड पर चालक ने ट्रक खड़ा कर रखा था। इसी बीच पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार सवार चार युवकों को बाहर निकाला। इनमें फैसल पुत्र मोहम्मद फैयाज (25) निवासी शेरकोट बिजनौर की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने अन्य तीनों को अस्पताल भिजवाया, जहां रास्ते में जीशान पुत्र नसीम (26) निवासी नटहोर ने भी दम तोड़ दिया। जबकि उनके दो साथियों दानिश पुत्र चामू (26) निवासी जमालपुर थाना नगीना व शहमत आजम पुत्र अब्दुल अजीज (30) निवासी नटहोर बिजनौर को गंभीर घायल अवस्था में जिला अस्पताल भिजवाया। युवकों की पहचान उनकी जेब में मिले आधार कार्ड से हुई। सभी कारपेंटर का कार्य करते थे। वे अंबाला से अपने घरों को लौट रहे थे। थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं आई। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।