गिल कॉलोनी स्थित केसीसीपी कन्या इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर आती छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। यूपी बोर्ड में गणित विषय के पेपर ने परीक्षार्थियों को उलझा दिया। परीक्षा के बाद कई विद्यार्थियों के चेहरे लटके नजर आए। इसके अलावा परीक्षा शांतिपूर्ण रही। दोनों पालियों में कुल 1616 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी।
सुबह की पाली में 10वीं की गणित विषय की परीक्षा हुई। यह परीक्षा 87 केंद्रों पर कराई गई, जिसके लिए 25616 विद्यार्थी पंजीकृत थे। 24055 ने परीक्षा दी, जबकि 1561 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा देकर एसडी इंटर कॉलेज से निकले छात्र बिजेंद्र कुमार, दीपक और प्रदीप ने गणित के प्रश्न पत्र को कठिन बताया। उनका कहना था कि पासिंग मार्क्स तो आ जाएंगे, मगर पोजीशन नहीं बनेगी। बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे रवि शर्मा, मन्नु और विक्रांत ने भी प्रश्न पत्र को थोड़ा कठिन बताया। पहली पाली में 12वीं की फल तथा खाद्य संरक्षण, पाक शास्त्र, परिधान रचना, रंगीन फोटोग्राफी, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग एवं टंकण विषयों की परीक्षा हुई, जिनके लिए 410 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 391 ने परीक्षा दी, जबकि 19 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 12वीं की कंप्यूटर, कृषि वनस्पति विज्ञान एवं कृषि शास्त्र की परीक्षा हुई, जो आसान रही। कुल 2074 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनके सापेक्ष 2038 ने परीक्षा दी, जबकि 36 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में कुल 39 केंद्रों पर ही परीक्षा हुई। दोनों पालियों में 28100 छात्रों के सापेक्ष 26484 ने परीक्षा दी, जबकि 1616 अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर अरुण कुमार ने परीक्षा के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन की बात कही।