अमर उजाला अपने 30वें स्थापना दिवस पर आज रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहा है। आप भी अमर उजाला की जनहित से जुड़ी इस मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं। शिविर सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ब्लड बैंक में चलेगा। शिविर में एफबीडी (फ्री ब्लड डोनेशन ग्रुप) का भी सहयोग है।
अमर उजाला अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने से कभी चूकता नहीं है। अपने तमाम स्थापना दिवस पर अमर उजाला रक्तदान शिविर जैसे आयोजन करता रहा है। इसी क्रम में आज यानी रविवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन डीएम शफकत कमाल करेंगे।
शिविर सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। पिछले वर्ष बड़ी संख्या में शहर के लोगों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया था। आप भी इस बार शिविर का हिस्सा बनकर रक्तदान कर सकते हैं। जिला अस्पताल के सीनियर फिजीशियन डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में किसी तरह का विकार नहीं आता है।
एक स्वस्थ व्यक्ति चाहे तो हर तीन महीने में एक यूनिट तक रक्तदान कर सकता है। मगर याद रहे रक्तदान करने वाला पूरी तरह स्वस्थ हो, जिसमें उसकी किडनी, लीवर, दिल और हीमोग्लोबिन दुरुस्त होना जरूरी है।