बिहारीगढ़। क्षेत्र के गांव टांडा मानसिंह में शनिवार देर रात गुलदार ने पशुशाला में घुसकर वहां बंधे पशुओं को अपना शिकार बना डाला। गुलदार के हमले में एक बछड़े की मौत हो गई, जबकि चार अन्य पशु घायल हो गए। दो बकरियों को गुलदार उठा ले गया। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।
शनिवार रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच जंगल से निकलकर एक गुलदार गांव टांडा मानसिंह स्थित पशुशाला में घुस आया। पशुशाला में कर्मचंद, राकेश, राजेश और जय कुमार के पशु बंधे हुए थे। गुलदार के घुसते ही पशुओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ देर तक गुलदार ने पशुशाला में उत्पात मचाया और हमला कर एक बछड़े को मौत के घाट उतार दिया, जबकि चार अन्य पशुओं को घायल कर दिया। ग्रामीण कर्मचंद ने बताया कि गनीमत रही कि सभी पशु रस्सियों से बंधे हुए थे, अन्यथा गुलदार छोटे पशुओं को उठा ले जाता। पशुओं के शोर मचाने पर परिवार के दीपक ने टॉर्च जलाकर देखा तो रोशनी पड़ते ही गुलदार वहां से भाग निकला। बताया जा रहा है कि जाते समय वह सत्यपाल की दो बकरियां भी उठा ले गया।
गुलदार के लगातार बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि गुलदार को जल्द से जल्द पकड़कर गांव को उसके आतंक से मुक्त कराया जाए। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी मोहंड रेंज लव सिंह ने बताया सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को निरीक्षण के लिए भेजा गया था। ग्रामीणों को जागरूक किया है। आवश्यकता पड़ने पर गांव के बाहर पिंजरा लगाया जाएगा ताकि गुलदार को शीघ्र पकड़ा जा सके।