सहारनपुर के खुमरान पुल स्थित बिजली घर पर काम करता कर्मी
सहारनपुर। कोतवाली नगर के पास सेतु निगम द्वारा पुल और पार्किंग बनाने कार्य दौरान जेसीबी से खुदाई करते हुए विद्युत निगम की भूमिगत केबिल उखाड़ दी। इससे नौ घंटे 15 इलाकों की बिजली गुल रही। गर्मी में 30 हजार से अधिक की आबादी को मुसीबत झेलनी पड़ी। विद्युत निगम ने सेतु निगम पर 2.50 लाख जुर्माना लगवाया है। इसके अलावा रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
दरअसल, स्मार्ट सिटी के तहत सेतु निगम पुल और पार्किंग बनाने कार्य कर रहा है। नगर कोतवाली के पास रविवार की सुबह चार बजे जेसीबी से खुदाई करते हुए विद्युत निगम की भूमिगत केबिल उखाड़ दी। इसके पश्चात उसके ऊपर मिट्टी डाल दी गई। इससे चौक फव्वारा, मोरगंज बाजार, गौरी शंकर बाजार, नया बाजार, चौकी सराय, मोहल्ला मुफ्ती, मोहल्ला कायस्थान, रानी बाजार सहित 15 इलाकों की बिजली गुल हो गई।
विद्युत सप्लाई बंद होने का पता लगते ही खुमरानपुल बिजलीघर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्र की सभी लाइनें चेक कराई, लेकिन विद्युत लाइन कहीं फाल्ट नहीं मिला। 11 बजे पता चला कि सेतु निगम ने खुदाई के दौरान भूमिगत लाइन उखाड़ दी है। इसके पश्चात अन्य लाइनें से विद्युत निगम ने दोपहर एक बजे आपूर्ति सुचारू कराई। नौ घंटे बिजली गुल होने लोग परेशान रहे।
- 2.50 लाख रुपये लगवाया जुर्माना
खुमरानपुल बिजली घर के एसडीओ रोबिन शर्मा ने बताया कि सेतु निगम की लापरवाही से लोगों को परेशान होना पड़ा है। क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति अन्य लाइनों से सुचारू कराई है। उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर 2.50 लाख का जुर्माना सेतु निगम पर लगाया गया है। क्योंकि, भूमिगत लाइन बिछाने में इतना खर्च आया था। एसडीओ का कहना है कि कुछ समय पूर्व किशनपुरा में भूमिगत लाइन की केबिल को उखाड़ दी गई। विभाग की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।