सहारनपुर। दिल्ली में बढ़ी हिंसा के बीच जिले के थोक और रिटेल कारोबारी भी काफी चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही वहां के हालात न सुधरे तो अगले माह से स्थानीय कारोबार पर असर साफ नजर आएगा। दरअसल, दिल्ली के हालात को देखते हुए फिलहाल यहां के व्यापारी वहां जाने और आगे के लिए आर्डर देने तक से परहेज कर रहे हैं। वे फिलहाल हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
शहर की मोरगंज मंडी में प्रमुख तेल कारोबारी शंकर गुप्ता बताते हैं कि सीएए के मामले में शाहीन बाग में लंबे समय से प्रदर्शन जारी होने के बावजूद पिछले सप्ताह तक भी दिल्ली आने जाने में परेशानी नहीं थी। मगर वहां बढ़ी हिंसा के साथ ही वाहनों और कीमती सामान को आग लगाने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। इसलिए इस मंगलवार को काफी संख्या में व्यापारी दिल्ली पहुंचे ही नहीं। अब अगले मंगलवार तक का इंतजार किया जा रहा है। हालात सामान्य रहे तो ही व्यापारी जाएंगे।
--------------------
किराना कारोबारी दिनेश कुमार जैन कहते हैं कि अलग-अलग सामान के लिए यहां के व्यापारी आजाद मंडी से लेकर दिल्ली के कई हिस्सों में पहुंचते हैं। हर सप्ताह यहां से 1200 से 1500 व्यापारी किराना, घी, तेल, कपड़ा, बर्तन, स्टील आदि के सामान का आर्डर बुक करने और आगे की सप्लाई तय करने के लिए जाते हैं। जब से दिल्ली में हिंसा बढ़ी है। तब से व्यापारी बेचैन हैं।
कक्कड़ गंज क्षेत्र के व्यापारी महेश भोला भी कहते हैं कि हिंसा किसी भी क्षेत्र में हो, उस क्षेत्र के साथ ही उससे जुड़े हर क्षेत्र तक के व्यापार रोजगार को प्रभावित करती है। यही यहां हो गया है। अब तो बस हालात सामान्य होने का इंतजार है। यदि ये नहीं सुधरे तो अगला माह और महंगाई बढ़ाने वाला हो सकता है।