सहारनपुर। पितृपक्ष का कारोबार पर विपरीत असर पड़ रहा है। ऑटोमोबाइल, सराफा और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के कारोबार में करीब 70 फीसदी तक गिरावट आई है। इसी तरह कपड़ों का व्यापार भी प्रभावित हुआ है, लेकिन पहले नवरात्र से ही हर तरह का व्यापार रफ्तार पकड़ेगा। इसके लिए वाहनों की एडवांस बुकिंग भी हो रही है।
दरअसल, पितृपक्ष में हिंदू धर्म में नया सामान खरीदना अशुभ माना जाता है। इन दिनों पितृपक्ष चल रहे हैं, जिससे कारोबार में तेजी गिरावट आई है। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान, मोबाइल फोन, कपड़ों, सराफा कारोबार सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, लेकिन तीन अक्तूबर को पहले नवरात्र के साथ बंपर कारोबार शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए लोगों ने ऑटोमोबाइल खरीदने के लिए एडवांस बुकिंग शुरू करा दी है। रोजाना जिले में 800 से एक हजार दुपहिया और चौपहिया वाहन बुक हो रहे हैं।
इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक सामान का बाजार में इजाफा होगा। इसी तरह आर्डर पर आभूषण भी बनाए जा रहे हैं, जिनकी बिक्री पहले नवरात्र से शुरू हो जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन और लकड़ी के सामान की बुकिंग हो रही है। व्यापारियों का अनुमान है कि नवरात्र में 50 करोड़ से अधिक व्यापार होने की उम्मीद है।
- बिकते थे चार हजार से ज्यादा दुपहिया और चौपहिया वाहन
जिले भर में हर माह दुपहिया और चौपहिया वाहनों की चार हजार से अधिक बिक्री होती थी, लेकिन पितृ पक्ष में कारोबार 70 प्रतिशत गिरावट आई है। नवरात्र महोत्सव पर जिले भर में एजेंसियों पर 500 से 700 वाहनों की बुकिंग हो रही है। - निपुण जैन, स्वामी ऑटोमोबाइल एजेंसी
- चमकेगा हर तरह का कारोबार
इन दिनों व्यापार में गिरावट आई है। पहले नवरात्र से ही कारोबार चमकेगा। लोग नवरात्र महोत्सव के दौरान वाहन, सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान को खरीदना शुभ मानते हैं, लेकिन इन दिनों फलों, सब्जी, पूजन सामग्री, दूध, कपड़ों कारोबार ठीक चल रहा है। क्योंकि, लोग अपने बुजुर्गों का श्राद्ध करने के लिए यह सामग्री खरीद रहे हैं। - शीतल टंडन, जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल।
- विशेष आर्डर पर तैयार करा रहे आभूषण
ग्राहक सोने-चांदी के जेवरात ऑर्डर पर तैयार करा रहे हैं। पितृपक्ष में कारोबार काफी कम हो गया, लेकिन पहले नवरात्र से कारोबार में भारी इजाफा होगा। इसको लेकर सराफा कारोबारी भी तैयारी में जुटे हैं। - राम राजीव सिंघल, सराफा कारोबारी
- कपड़े का कारोबार बढ़ेगा
कपड़े के कारोबार में पहले के मुकाबले कमी आई है, लेकिन नवरात्र महोत्सव के दौरान रेडीमेड कपड़े और हौजरी के कारोबार में भारी इजाफा होगा। इसके लिए कारोबारी पहले से ही तैयारी करने में जुटे हैं। कारोबारियों को आर्डर भी मिल रहे हैं। -योग चुघ, कपड़ा कारोबारी।