रोड़वेज बस अड़डे पर यात्रियो का इंतजार करते बस चालक।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मकर संक्रांति पर हरिद्वार में कुंभ स्नान के लिए परिवहन निगम ने 20 अतिरिक्त बसें तो लगवा दीं। लेकिन हरिद्वार रूट पर जाने वाले यात्री उम्मीद से कम ही रहे। रोडवेज अफसरों का मानना है कि कोरोना संक्रमण और अधिक सर्दी के कारण ज्यादा यात्री नहीं पहुंचे। इसके चलते रोडवेज के हरिद्वार अड्डे पर बसों के लिए मारामारी के हालात नहीं रहे। कुछ बसों के चालक और परिचालक यात्रियों का इंतजार ही करते रहे।
रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश सिंह ने बताया कि मकर संक्रांति या कुंभ स्नान के लिए पहले यात्रियों में काफी मारामारी के हालात रहते थे। लेकिन कोरोना काल में बृहस्पतिवार को हालात बिल्कुल अलग रहे। बुधवार की रात में ही अड्डे पर यात्रियों का फीड बैक लिया गया तो पता चला कि कुछ ही यात्री पहुंचे हैं। सुबह दस बजे तक भी यात्रियों की संख्या सीमित ही रही। उन्होंने बताया कि सुबह मौसम बेहद ठंडा था। घने कोहरे के साथ ही सर्द हवा से लोग परेशान रहे। इसलिए संभव है कि सर्दी के मौसम का भी असर रहा है। अफसर कोरोना का असर भी मान रहे हैं। इसके अलावा रेलवे की ओर से हरिद्वार रूट पर कुछ ट्रेनों का संचालन शुरू करने को भी बसों में यात्रियों के कम होने का कारण माना जा रहा है। रेलवे ने दो सप्ताह में हरिद्वार की ओर जाने वाली आठ प्रमुख ट्रेनों का संचालन शुरू किया है।