सहारनपुर के नकुड़ में यूनिवर्सिटी गंगोह से सहारनपुर जा रही छात्राओं से भरी बस हाईटेंशन बिजली के खंभे को तोड़ते हुए एक पेड़ से टकरा गई। इसमें बस चालक व एक छात्र के अलावा नौ छात्राएं गंभीर घायल हो गई।
पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से पांच की गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गनीमत ये रही कि हादसे के वक्त विद्युत आपूर्ति चालू नहीं थी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
मंगलवार की शाम करीब चार बजे शोभित यूनिवर्सिटी की एक बस गंगोह से वाया नकुड़-सरसावा सहारनपुर जा रही थी। बस में दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं थी। बस जैसे ही सरसावा रोड स्थित गांव साल्हापुर के पास पहुंची तो वह हाईटेंशन बिजली के एक खंभे को तोड़ते हुई पेड़ से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक बस को तेज गति से चला रहा था। बस के पेड़ से टकराते ही छात्रों में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने खिड़की तोड़कर किसी तरह घायलों को बाहर निकाला।
जिसमें कविता पुत्री मदनलाल निवासी गांव सलूनी-सरसावा, नीतू पुत्री कंवरपाल निवासी सरसावा, अभिजीत पुत्र तिरतपाल निवासी गांव ईसमाईलपुर थाना कुतुबशेर सहारनपुर, राखी पुत्री कुलदीप सिंह, लीना पुत्री रूप किशोर, भावना पुत्री जगबीर, पारूल सिंह पुत्री सुभाष, रजनी शर्मा पुत्री सुरेंद्र शर्मा, किरन पुत्री
रामकुमार, पारूल पुत्री सुरेंद्र व चालक सतीश पुत्र सतपाल निवासी सहारनपुर गंभीर घायल हो गये। राहगीरों ने हादसे की सूचना 100 नंबर पर पुलिस व 108 नंबर पर एंबुलेंस को दी तो तुरंत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
जहां से चिकित्सकों ने चालक सतीश, छात्र अभिजीत, छात्रा लीना, पारूल व राखी की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल बी फार्मा, डी फार्मा तथा बीएससी की छात्राएं हैं।
गांव साल्हापुर निवासी सपा जिला सचिव कंवरपाल सिंह राठी व नितेश राठौर आदि ने बताया कि बस तेज रफ्तार से आ रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण पहले हाईटेंशन बिजली के खंभे से टकराई और उसे करीब दस फीट घसीटते हुए एक पेड़ से टकरा गई।
ग्रामीणों का कहना था कि यदि हादसे के वक्त बिजली होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, चालक सतीश का कहना था कि हादसा कैसे हुआ उसे कुछ पता नहीं चला।