सहारनपुर। शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में नए नोटों का काला कारोबार भी बढ़ने लगा है। इसे लेकर टीम ने स्टिंग की तो रोचक जानकारी सामने आई। एक तरफ बैंक रोना रो रहे हैं कि ऊपर से 10 रुपये के नए नोटों की गड्डी नहीं आ रही लेकिन बाजार में धड़ल्ले से एक हजार की गड्डी 1300 से 1500 रुपये में मिल रही है। ऐसे में सवाल है कि जब बैंक में गड्डी नहीं है तो बाजार में कहां से आ रही है?
त्योहारी सीजन के साथ ही नए नोट की मांग बढ़ जाती है। शादियों के सीजन में तो खासकर कई मौके पर 10 रुपये के नोट की मांग अधिक रहती है। सभी चाहते हैं कि उनके पास नए नोटों की गड्डी हो। बैंकों में 20, 50 और 100 रुपये के नए नोट की गड्डी तो आसानी से मिल जाती है। लेकिन सबसे अधिक परेशानी 10 रुपये के नए नोट की आती है। नए नोट बाजार में आसानी से उपलब्ध है।
टीम सबसे पहले कोर्ट रोड और दिल्ली रोड पर कई बैंकों की शाखाओं में पहुंची। कोर्ट रोड स्थित एक बैंक में बताया गया कि 10, 20 और 50 के नोटों की गड्डी नहीं है। त्योहारी सीजन को देखते हुए आरबीआई से मांग की गई है।
इसी तरह दिल्ली रोड स्थित बैंक में 10 रुपये की गड्डी को लेकर बात की गई। यहां पर बताया कि नए नोट नहीं आ रहे हैं। इसके बाद टीम ने नया बाजार में नोटों की माला बनाने वालों के पास पहुंची। सामने आया कि इन दुकानों पर नए नोटों की गड्डी आसानी से उपलब्ध है। साथ ही यह भी पता लगा कि बाजार में 10 रुपये की गड्डी, जिसकी कीमत एक हजार रुपये होती है। वह मोटे दामों में बेची जा रही है। 10 रुपये की गड्डी 1300 से 1500 रुपये में देते हैं।
-
बातचीत के अंश
संवाददाता- दस रुपये के नए नोटों की गड्डी और माला चाहिए।
दुकानदार- मिल जाएगी। कोई दिक्कत नहीं है।
संवाददाता- दस रुपये के नए नोट की गड्डी कितने में मिलेगी।
दुकानदार- 1500 रुपये की है लेकिन तुम 1400 दे दो
संवाददाता- कुछ कम नहीं हो सकता।
दुकानदार- पूरे बाजार में यही दाम है, लेनी है तो ले लो।
संवाददाता : बैंक में 10 की गड्डी नहीं है, आप कहां से लाते हो।
दुकानदार : अरे भाई हम कौन सा घर में बना रहे हैं, बैंक से मेलजोल बनाकर रखना पड़ता है।
- वर्जन
बाजार में इस तरह से नए नोटों की गड्डी मिलने की जानकारी नहीं है। यदि इस तरह की बात है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - कृषाणु दास, लीड बैंक मैनेजर।