नकुड़। कस्बे के अघ्याना तिराहे पर अवैध रूप से काटी जा रही काॅलोनी में एसडीएम ने बुलडोजर चलवाकर निर्माण ध्वस्त करा दिया। एसडीएम ने काॅलोनाइजर द्वारा नोटिस का जवाब नहीं देने पर आगे भी कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी।
एसडीएम संगीता राघव ने बताया कि कुछ लोगों ने काॅलोनाइजर पर अघ्याना तिराहे के निकट स्थित शाकंभरी विहार काॅलोनी की दीवार तोड़कर उसके पीछे अवैध रूप से काॅलोनी काटने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इसके बाद उन्होंने कॉलोनाइजर को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। एसडीएम ने बताया कि काॅलोनाइजर ने तय समय सीमा में नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने मामले की जांच कराई तो उक्त काॅलोनाइजर ने न तो कोई नक्शा पास कराया, न ही एनओसी ली गई और न ही धारा 80 की कार्रवाई कराई गई।
बताया कि शनिवार को कोतवाली में आयोजित थाना दिवस में कुछ दुकानदारों ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उक्त काॅलोनी में अवैध रूप मिट्टी का भराव किया जा रहा हैं।
एसडीएम ने नगर पालिका कर्मचारियों, हल्का लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचकर कॉलोनी को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद बुलडोजर द्वारा कॉलोनी की दीवारों को तोड़ दिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते नोटिस का जवाब नहीं दिया गया तो पूरी कॉलोनी को ध्वस्त किया जाएगा।