सहारनपुर। लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को बसपा के माजिद अली और कांग्रेस-सपा गठबंधन के इमरान मसूद के अलावा निर्दलीय शबनम एवं राशिद खान ने नामांकन पत्र जमा किए हैं। भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल सहित अन्य उम्मीदवार बुधवार को (आज) नामांकन पत्र जमा करेंगे। कुल मिलाकर मंगलवार तक 24 नामांकन पत्र खरीदे गए।
मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर स्थित नामांकन कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ चार लोगों को ही नामांकन पत्र जमा करने के लिए अंदर जाने दिया गया। सबसे पहले कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी इमरान मसूद नामांकन करने पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली गुर्जर, सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, विधानसभा परिषद सदस्य शाहनवाज खान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी तेज सिंह, बबलू जैदी, शायान मसूद, विक्की पुजना आदि रहे। इसके बाद बसपा प्रत्याशी माजिद अली नामांकन करने पहुंचे। उनके साथ वरिष्ठ बसपा नेता नरेश गौतम, जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद, अजब सिंह, अमजद अली सहित अन्य नेता रहे। उन्होंने भी चार लोगों के साथ नामांकन कक्ष पहुंचकर नामांकन पत्र जमा कराया।
उप मुख्यमंत्री के साथ नामांकन पत्र जमा कराएंगे राघव लखनपाल
भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल बुधवार को अपना नामांकन पत्र जमा कराएंगे। उनका नामांकन जमा कराने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आ रहे हैं। मिशन कंपाउंड स्थित खेमका सदन में दोपहर 12 बजे सभा का आयोजन होगा। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल नामांकन पत्र जमा करेंगे। मंगलवार को उन्होंने नामांकन पत्र ले लिया।
कलक्ट्रेट में चॉक चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
नामांकन प्रक्रिया के चलते कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चॉक चौबंद रही। कलक्ट्रेट के दोनों द्वारों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अंदर आने वाले दोनों रास्तों पर बैरियर लगा रखे हैं। नामांकन पत्र जमा करने वालों की मैटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
आज नामांकन का अंतिम दिन
बुधवार को नामांकन पत्र जमा करने का अंतिम दिन है। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी। नाम वापसी की तिथि 30 मार्च को है। जनपद में 19 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार जून को होगी।