सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत बने आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के कार्यों के लिए बीएसएनएल और उसकी सहयोगी कंपनियों का चयन किया गया है। बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में स्मार्ट सिटी के चेयरमैन/कमिश्नर संजय कुमार की अध्यक्षता में फाइनेंशियल बिड खोली गई।
शहर की ट्रैफिक, लाइटिंग, पेयजल, सीवर लाइन, कचरा उठान आदि व्यवस्थाओं के संचालन के लिए आईसीसीसी स्थापित किया जाना है। इसकी बिल्डिंग नगर निगम परिसर में बनकर तैयार है। आईसीसीसी के तहत शहर में होने वाले विभिन्न कार्यों के लिए पांच कंपनियों ने आवेदन किया था। 21 और 22 जुलाई को पांचों कंपनियों की प्रेजेंटेशन हुई। प्रेजेंटेशन में लखनऊ से उच्च अधिकारी के अलावा कमिश्नर, नगरायुक्त और अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रेजेंटेशन के बाद 23 जुलाई बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में फाइनेंशियल बिड खोली गई, जिसमें बीएसएनएल के नाम पर मुहर लगी। कार्य में बीएसएनएल के साथ दो बड़ी कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन तथा केपीएमजी मिलकर काम करेंगी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि अगले पांच माह में आईसीसीसी के कार्य नजर आने लगेंगे। बैठक में कमिश्नर संजय कुमार, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, नोडल अधिकारी बीके सिंह के अलावा पुलिस, विद्युुत निगम, एसडीए, जलनिगम, सेतु निगम समेत अनेक विभागों के अधिकारी शामिल हुए।