सहारनपुर में सहारनपुर-नई दिल्ली रेलवे मार्ग पर शुक्रवार को टपरी और नागल के बीच एक जगह रेलवे ट्रैक टूटने से जालंधर नई दिल्ली सुपरफास्ट समेत अन्य कई गाड़ियों का संचालन करीब दो घंटे तक बाधित हो गया।
सुबह नौ से 11 बजे तक ऐसे हालत रहने के कारण सहारनपुर से नागल तक हजारों यात्री गाड़ियों के चलने का इंतजार करते रहे। रेल पथ सहित अन्य यूनिटों की मशक्कत से दो घंटे बाद रूट शुरू हो सका।
नई दिल्ली की ओर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस और जालंधर-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेनें सहारनपुर से निकलते ही सुबह करीब 9.50 बजे टपरी जंक्शन के पास पहुंची तो दोनों ट्रेनों को रोक दिया गया।
आधा घंटे बाद भी ट्रेन आगे नहीं बढ़ी तो यात्रियों की बेचैनी बढ़ गई। इनमें मुजफ्फरनगर, मेरठ, मोदीनगर से नई दिल्ली के यात्री सबसे अधिक परेशान रहे। कुछ देर बाद ही ट्रेन के लोको स्टाफ को सूचना मिली कि टपरी और नागल के बीच रेल पटरी टूटी हुई है। रेलवे के टपरी और नागल स्टेशन से जुड़े स्टाफ को लाइन दुरुस्त करने पर लगाया गया है।
रेलवे ट्रैक क्लीयर न होने के कारण सुपरफास्ट के अलावा उज्जैनी एक्सप्रेस और अहमदाबाद मेल सहित अन्य ट्रेनें भी रास्तों में ही रुकी रही। सहारनपुर से इन ट्रेनों से सफर कर रहे यात्री अनुज कुमार, मोहन सिंह, राघव, शकुंतला आदि ने बताया कि मेरठ, मोदीनगर और दिल्ली जाने का उनका शेड्यूल बिगड़ गया। कुछ यात्री तो टपरी स्टेशन से सड़क मार्ग से ही आगे बस से सफर के लिए निकल गए।
रेलवे ट्रैक दुरुस्त होने पर 11 बजे के बाद ही यह रूट क्लियर हो पाया और ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। इस बारे में टपरी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक जसपाल सिंह कालड़ा ने बताया कि नागल और टपरी के बीच एक जगह पटरी टूटी होने की वजह से कुछ ट्रेनों को रोकना पड़ा। बाद में रेलवे ट्रैक दुरुस्त कराकर ट्रेनों का संचालन दुरुस्त करा दिया गया।