सहारनपुर में आयोजित जिला मिनी ओलंपिक के तहत बुधवार को हॉकी, बॉक्सिंग, खोखो, बैडमिंटन और वॉलीबाल मुकाबले कराए गए। पदक जीतने के लिए खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिताएं डॉ. अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम के साथ ही स्कूल मैदानों पर भी कराई जा रही है।
डॉ. अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई खोखो प्रतियोगिता में 25 टीमों ने प्रतिभाग किया। बालकों में सरदार पटेल एकेडमी, दिव्या पब्लिक स्कूल और रेडिएंट पब्लिक स्कूल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया।
बालिकाओं में मदर लैंड स्कूल, सेंट एजीएम, सरस्वती विहार, सेंट मैरी स्कूल और सोफिया गर्ल्स स्कूल की टीमें जीतीं। बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालिका मुकाबलों में दीपाली ने यशिका को तथा शिवानी ने आयुषी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-19 में नैना ने अदीति और तान्या ने तनु को हराकर फाइनल में जगह बनाई। बालकों में शुभम कुमार ने केशव राठी, कुश वर्मा ने चिराग खत्री, तरुण ने अनुभव और पीयूष ने अवतार सिंह को हराकर फाइनल में एंट्री की। वॉलीबाल में स्पोर्ट्स स्टेडियम, ग्रीन फील्ड स्कूल नानौता और खुड़ाना ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
हैडबाल प्रतियोगिता में आशा मॉडर्न इंटरनेशनल, जेएनबी सहारनपुर, एसआईएस नानौता, सरदार वल्लभभाई पटेल जंधेड़ा ने अपने मैच जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया। बालिकाओं में आशा मॉडर्न इंटरनेशनल, सोफिया गर्ल्स, जेएनबी ने अपने मैच जीते।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में आकाश पुंडीर, गौरव कुमार, राहुल चौधरी, अविशेष, विकास धीमान, उदित, विपिन, लविश, हर्षित, अंग्रेज त्यागी, मेधावी सिंह ने अपने-अपने भार वर्ग में जीत हासिल की।
हॉकी प्रतियोगिता में बालिकाओं के फाइनल मुकाबले में स्टेडियम ने जनता इंटर कॉलेज को हराकर विजेता बनने का गौरव पाया। बुधवार के मुकाबलों के दौरान पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग, चौधरी नीरपाल सिंह, डॉ. एके गुप्ता, गुलाब सिंह राणा, फुरकान अहमद रहे।