जिला प्रशासन की आरे से नगर निगम, सृजन प्रकाशन और स्वयंसेवी संस्था क्रेजीग्रीन के सहयोग से आयोजित किए जा रहे सहारनपुर पुस्तक मेला 2015 के दूसरे दिन बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी पहुंचे। पुस्तकों की खरीदारी होने से प्रकाशकों के चेहरे खिल उठे। दोपहर में पत्रकारिता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
पुस्तक मेले के दूसरे दिन सुबह से ही स्कूली बच्चों की बसें मेला स्थल पर पहुंचना शुरू हो गई थीं। सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चों ने विभिन्न स्टॉल्स पर जाकर किताबें देखी और खरीदी। इसके अलावा खान-पान के लिए लगे स्टॉल पर जाकर स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया।
दोपहर करीब 12 बजे पत्रकारिता कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीएम पवन कुमार ने कार्यशाला में शामिल हुए डेढ़ सौ से अधिक विद्यार्थियों को पत्रकारिता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारिता में कॅरियर की बेहतर संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक अच्छा पत्रकार बनकर कोई भी व्यक्ति समाज को दिशा दे सकता है। उन्होंने मेले में पहुंचे पुस्तक प्रेमियों खासकर विद्यार्थियों को अच्छी किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
योग गुरु पद्मश्री भारत भूषण ने पत्रकार को समाज का आइना करार दिया। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन के लिए द सहारनपुर डॉट कॉम और मेला समिति को बधाई दी। द सहारनपुर डॉट कॉम के संस्थापक और संपादक सुशांत सिंघल ने कार्यशाला में शामिल हुए विद्यार्थियों को वॉल मैग्जीन, न्यूज लैटर और पेंटिंग्स के माध्यम से मेले की गतिविधियों को प्रदर्शित करने को कहा।
मेला आयोजन सचिव अरिर्मदन सिंह गौर ने भी कार्यशाला में शामिल विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासा को शांत किया। इस दौरान अनेक पत्रकारों ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता की बारीकियां समझाईं। कार्यशाला को सफल बनाने में द सहारनपुर डॉट कॉम की सदस्य आस्था शर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में एडीएम-ई ओपी वर्मा, कमल शर्मा एडवोकेट, अंजू शर्मा, केके गर्ग, पूनम गर्ग, शील शर्मा, प्रियंका त्यागी, विपुल बांगा, हर्ष, गगनदीप, नीना, निधि राणा, अजय सिंघल आदि थे।