देवबंद। पांच दिन से लापता हंसराज (60) का शव शनिवार देर शाम गांव लालवाला स्थित तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
शशीनगर निवासी हंसराज (60) पांच अक्तूबर को मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश की और पुलिस को तहरीर देकर गुूमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार शाम लालवाला गांव के तालाब में हंसराज का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकलवाया। इस दौरान वहां हंसराज के परिवार वाले भी पहुंच गए। मृतक के बेटे सुधीर ने आरोप लगाया कि उनके पिता की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है।
बताया कि पिता निर्वस्त्र अवस्था में मिले, जबकि उनके कपड़े पास की झाड़ियों में पड़े थे। उधर, सीओ अमित कुमार ने बताया कि हंसराज की गुमशुदगी दर्ज थी। पानी में पड़े रहने से शव काफी खराब हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।