सहारनपुर के नागल में रविवार की रात दर्जन भर हथियारबंद बदमाशों ने नागल-गागलहेड़ी मार्ग अवरुद्ध कर दो ट्रक चालकों से हजारों की नगदी लूट ली। इसी दौरान गश्ती पुलिस के आने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए।
नागल थाना क्षेत्र के गांव उमाही और बडूली के बीच निर्माणाधीन पुलिया पर निर्माण करने कंपनी के अवरोधकों को बीच में खड़ा करके बदमाशों ने रात साढे़ 11 बजे नागल-गागलहेड़ी मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद रुके दो ट्रक चालकों के साथ मारपीट करते हुए हजारों की नगदी लूट ली। इसी दौरान अन्य ट्रक भी रुक गए लेकिन जब तक बदमाश उन्हें शिकार बना पाते गश्ती पुलिस की जीप पहुंच गई। बताया जाता है कि दो फायर करते हुए बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ सके।
इसके बाद पुलिस ने पीड़ित ट्रक चालकों को समझाकर बिना तहरीर लिए चलता कर दिया। पुलिस ने पूरे मामले पर लीपापोती कर दी। जबकि बताया जाता है कि पुलिस मौके से बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियों के खोके तक अपने साथ ले गई। उधर इस बारे में सीओ देवबंद योगेंद्रपाल का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।