जिला एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए तीन ब्लॉकों में मतदान आज होगा। प्रशासन की ओर से मतदान के लिए तमाम तैयारियां पुख्ता कर लेने का दावा किया गया है। डीएम और एसएसपी ने दिन भर मतदान केंद्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इससे पहले पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
सरसावा, सढ़ौली कदीम और मुजफ्फराबाद ब्लॉकों में जिला एवं क्षेत्र पंचायत के मतदान के लिए कुल 358 मतदान केंद्र तथा 835 बूथ बनाए गए हैं। इनमें जिला पंचायत के कुल 16 वार्ड तथा क्षेत्र पंचायत के 384 वार्डों के लिए मतदान होगा। सढ़ौली कदीम में सौ मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनपर 202 बूथ बने हैं। मुजफ्फराबाद में 135 मतदान केंद्र और 344 बूथ बनाए गए हैं, जबकि सरसावा में 123 मतदान केंद्रों पर 293 बूथ बनाए गए हैं।
मतदान की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग बृहस्पतिवार को दिनभर लगा रहा। सबसे पहले पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर रवाना की गईं। इसके बाद डीएम और एसएसपी समेत तमाम अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर जाकर तैयारी का जायजा लिया और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस लाइन ने पुलिस बल की रवानगी की गई। डीएम ने मतदान की तैयारियां पूरी कर लेने का दावा किया। उन्होंने कहा कि मतदान में किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार की खुराफात पर कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। मतदान केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी। ड्यूटी में लगे अफसरों और पुलिसकर्मियों को धारा 144 का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है।
मतदाता इनका कर सकते हैं इस्तेमाल
यदि किसी मतदाता के साथ मतदाता फोटो पहचान पत्र नहीं है, तो वह अन्य विकल्पों का इस्तेमाल कर सकता है। मतदाता अपने मतदाता फोटो पहचान पत्र के अलावा आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, राज्य एवं केंद्र सरकार तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जाने वाहे फोटोयुक्त पहचान पत्र, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और पोस्ट ऑफिस द्वारा जारी फोटो युक्त पासबुक, फोटो युक्त संपत्ति संबंधी मूल अभिलेख यथा-पट्टा विलेख, रजिस्ट्रीकृत डीड, अद्यतन फोटो युक्त किसान बही, फोटो युक्त पेंशन अभिलेख यथा-भूतपूर्व सैनिक पेंशन बुक, पेंशन भुगतान आदेश, वृद्धावस्था पेंशन, फोटो युक्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहचान पत्र, फोटो युक्त शस्त्र लाइसेंस, फोटो युक्त शारीरिक रूप से अशक्त होने का प्रमाण पत्र, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना के तहत निर्गत फोटो युक्त जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र और राशन कार्ड आदि से भी मतदान कर सकेगा। यदि कोई दस्तावेज जो परिवार के मुखिया के पास ही उपलब्ध है। वह उक्त परिवार के दूसरे सदस्यों की पहचान के लिए भी वैध माने जाएंगे। बशर्ते कि सभी सदस्य एकसाथ आएं और उनके परिवार के मुखिया द्वारा उनकी पहचान कराई जाए।
सुबह सात बजे से होगा मतदान
जिला और क्षेत्र पंचायत के लिए मतदान आज होना है। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। यानी मतदाताओं को वोट डालने के लिए पूरा दस घंटे का समय मिलेगा। निर्धारित समय से पहले या बाद में कोई भी मत स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैलेट से होगा मतदान
जिला एवं क्षेत्र पंचायत के मतदान में मतदाताओं को बैलेट पेपर पर अपने प्रत्याशी के चिह्न के सम्मुख मुहर लगाकर वोट डालना होगा। हालांकि पिछले कई बरस से देश में लोकसभा और विधानसभा समेत अनेक चुनावों में ईवीएम यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल करते आ रहे हैं, मगर यह भी सच है कि आज तक जिला एवं क्षेत्र पंचायत के चुुनाव में इस मशीन का इस्तेमाल नहीं हुआ है। इन पदों का मतदान आज भी पुराने ढर्रे पर यानी बैलेट पेपर से ही होता आ रहा है।
जिपं के 144 प्रत्याशियों का फैसला आज
शुक्रवार को होने वाला मतदान तीन ब्लॉक सढ़ौली कदीम, मुजफ्फराबाद और सरसावा के जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए होगा। इन ब्लॉकों में जिला पंचायत के 16 तथा क्षेत्र पंचायत के 384 वार्ड हैं। इनमें सढ़ौली कदीम ब्लॉक में जिला पंचायत के चार और क्षेत्र पंचायत के 101 वार्ड हैं। मुजफ्फराबाद ब्लॉक जिला पंचायत के सात और क्षेत्र पंचायत के 154 वार्ड हैं। सरसावा ब्लॉक में जिला पंचायत के पांच और क्षेत्र पंचायत के 129 वार्ड हैं। तीन ब्लॉकों के जिला पंचायत के कुल 16 वार्डों पर 144 प्रत्याशी चुुनाव लड़ रहे हैं।
प्रत्याशियों के खर्चों पर नजर
जिला एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का चुुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के खर्चों पर प्रशासन पैनी नजर रख रहा है। इसके लिए बाकायदा एक कमेटी बनाई गई है, जिसके अध्यक्ष जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी पवन कुमार हैं, जबकि मुख्य विकास अधिकारी मोनिका रानी और मुख्य कोषाधिकारी उसके सदस्य हैं।