मुजफ्फराबाद। ब्लॉक मुख्यालय के निकट स्थित पानी की टंकी पर लगे ट्रांसफार्मर में बृहस्पतिवार की सुबह अचानक ब्लास्ट हो गया। इस दौरान पास से गुजर रहा धूम सिंह गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बृहस्पतिवार करीब दस बजे धूम सिंह किसी काम से बाजार जा रहा था। जब वह पानी की टंकी के पास पहुंचा, अचानक ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने से ट्रांसफार्मर का गर्म तेल धूम सिंह के ऊपर जा गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों से खराब था और निगम अधिकारियों द्वारा जुगाड़ के सहारे उसे चलाया जा रहा था। ग्रामीण अजय सैनी, मोनू कश्यप, बंटी, पंकज, सोनू, बलेश और सौरभ ने बताया कि मरम्मत के बाद जैसे ही ट्रांसफार्मर चालू किया गया, तभी यह हादसा हो गया। ब्लास्ट के बाद आसपास तेल गिरने से आग भी लग गई, जिसे लोगों ने किसी तरह बुझाया। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।